चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के औसतपुर गांव के पास सोमवार को सड़क किनारे एक अध्यापक की खड़ी बाइक की डिकी तोड़कर उसमें रखे गए छह लाख रुपये उचक्कों ने उड़ा दिया। पीड़ित अध्यापक आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के परासी गांव के निवासी हैं। वह सेमउर के परिषदीय विद्यालय में तैनात हैं।
परास गांव निवासी हृदय नारायनण सिंह की बेटी की सगाई 20 फरवरी को है। इसी सिलसिले में अध्यापक ने सोमवार को जहानागंज से ग्रामीण बैंक से चार लाख रुपये निकाले। इसके अलावा उन्होंने अपने एक नजदीकी से दो लाख रुपये और लेकर इन छह लाख रुपयों को उन्होंने अपनी बाइक की डिकी में रखा। इसके बाद औसतपुर पहुंचकर आजमगढ़ गाजीपुर मार्ग पर बाइक खड़ी कर दी। वहीं सामने स्थित हार्डवेयर के अपने एक परिचित की दुकान पर गए। वहां से अध्यापक वापस अपनी बाइक के पास पहुंचे तो उनकी बाइक की डिकी टूटी हुई थी और सभी छह लाख रुपये गायब थे। डिकी से रुपये गायब देख अध्यापक को पसीना छूट गया और वे भागे-भागे दुकानदार के पास पहुंचे।
उन्होंने दुकानदार से पूछा कि कहीं उनका झोला यहां तो नहीं छूट गया है तो दुकानदार ने कहा कि वे झोला लेकर नहीं अपितु केवल चेक लेकर उसके पास आए थे। अध्यापक ने मुकामी पुलिस को सूचना दिया तो थानाध्यक्ष ने उन्हें यह कहते हुए टरका दिया कि पता नहीं कहां उसकी बाइक की डिकी तोड़ी गई है। संभवत: घटना जहानागंज थाना क्षेत्र की है आप वहां जाइये। अध्यापक ने चिरैयाकोट थाने की पुलिस को तहरीर दे दी है लेकिन पुलिस ने देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। इस बाबत सीओ राजकुमार का कहना है कि घटना स्थल की सही जानकारी अध्यापक को नहीं है। फिर भी पुलिस को घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं।