सरायलखंसी थाना क्षेत्र के इमिलिया मुहल्ले में ग्रीन स्ट्रीट में स्थित अगल बगल घनी बस्ती में स्थित दो मकानों को शनिवार की रात चोरों ने निशाना बनाया और लाखों की चोरी की। मकानों में रहने वाले किराएदार बाहर गए हुए थे। घटना की जानकारी रविवार की सुबह पड़ोसियों को उस समय हुई जब लोग अपने घरों से बाहर निकले। पुलिस ने मौका मुआयना किया।
ग्रीन स्ट्रीट स्थित चौथी गली में ओंकार गुप्ता और राम प्रवेश गुप्ता के मकान अगल-बगल हैं। ओंकार गुप्ता के मकान में फौजी जितेंद्र सिंह की शिक्षिका पत्नी रीना अपने बच्चों के साथ किराए पर रहती हैं। स्कूलों की छुट्टी है, इसलिए वह बच्चों के साथ पति के पास दिल्ली चली गई हैं। उनके बगल में राम प्रवेश गुप्ता के मकान में राम नक्षत्र यादव किराए पर रहते हैं। वे अपने परिवार के साथ गांव एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने चले गए थे। शनिवार की रात में चोरों ने इन दोनों मकानों के ताले तोड़ कर पूरा घर खंगाल डाला। लोगों ने दोनों किराएदारों को घटना की जानकारी दे दी। शिक्षिका के घर से चोरों ने लगभग तीन लाख के गहने और कीमती कपड़े तथा राम नक्षत्र यादव के घर से मामूली रकम ही हाथ लगी है। मौके पर पहुुंची पुलिस ने जानकारी ली। इस बाबत सीओ सिटी राजकुमार का कहना है कि घटनाओं की जांच की जा रही है, जल्दी ही चोरी की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।