मऊ। गेटमैनों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ की तीन टीम गठित की गई है, जो आउटर में बने रेलवे के गेटमैनों की किसी भी परेशानी में मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेगी ताकि गेटमैनों पर हो रहे हमले से उन्हें सुरक्षित कर सके, जिससे कर्मचारी भयमुक्त होकर अपनी कार्य दायित्व को पूरा कर सकें।
इस बाबत आरपीएफ निरीक्षक डीके राय ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि ट्रेन के आने के चलते गेट बंद करने पर कई बार रात के समय मनबढ़ों की ओर से गेटमैन से अभद्रता की जाती है। कुछ माह पूर्व ही बलिया में कुछ बदमाशों ने एक गेटमैन की हत्या कर दी थी। वहीं, सोनीपत में कर्मचारी को हमलाकर घायल कर दिया। गेटमैनों पर हादसे को देखते हुए आला अधिकारियों के निर्देश पर सतर्कता बरतने के साथ गेटमैनों की सुरक्षा का उपाय किया जा रहा है। इसके तहत तीन टीम गठित की गई है, प्रत्येक टीम में एक एसआई और दो जवानों की तैनाती है। गठित टीम मऊ, इंदारा, पिपरीडीह में आउटर में बने रेलवे गेट पर रात के समय गश्त कर रहे हैं ताकि किसी तरह परेशानी में गेटमैनों की सुरक्षा की जा सके।