मधुबन। कोतवाली क्षेत्र के महुवी स्थित एक निजी कॉलेज के परिसर में दिनदहाड़े प्रबंधक से मारपीट कर उन्हें घायल करने वाले बदमाशों को पुलिस घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी नहीं पकड़ सकी है।
मधुबन कोतवाली क्षेत्र के महुई गांव में स्थित राष्ट्रीय निंकुज शिक्षा निकेतन के प्रबंधक रमेश पांडेय उर्फ गुड्डू छह नवंबर को कॉलेज में किसी काम से प्रांगण में रुक गए थे। देर रात में नींद न आने पर वह कॉलेज प्रांगण में टहल रहे थे। लेकिन इसी बीच रात में आधा दर्जन बदमाशों ने प्रबंधक पर हमला बोल दिया और उनकी पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया। प्रबंधक के शोर मचाने के बाद स्थानीय लोगों वहां आ गए। लोगों को आता देख बदमाशों ने प्रबंधक का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इसके बाद लोगों ने घायल प्रबंधक को फतहपुर सीएचसी में भर्ती कराया। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस पिटाई करने वाले आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। हैरत की बात तो यह है कि पीड़ित और पुलिस दोनों इस तरह की किसी घटना से इंकार कर रहे है। पीड़ित प्रबंधक रमेश पांडेय ने इस घटना के संबंध में किसी प्रकार की कार्रवाई कराने से इंकार किया । वहीं कोतवाल नीरज पाठक ने इस तरह का कोई मामला इनके संज्ञान में ना होने की बात कही।