अवैध शराब को लेकर चलाए जा रहे अभियान में उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की पुलिस ने 870 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही 200 लीटर लहन नष्ट किया। इस दौरान 17 कारोबारियों की गिरफ्तारी भी की।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर ने बताया कि दोहरीघाट पुलिस ने रेयांव गांव निवासी कमलेश पुत्र बद्रीनाथ, मादी गांव निवासी चन्द्र भूषण पुत्र शिवलोचन, अजय पुत्र सुरेश को 30 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। जबकि चिरैयाकोट पुलिस ने भटौली गांव निवासी सुनील पुत्र रामदास, रायपुर निवासी बेचन पुत्र मथुरी को 30 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिणटोला थाने की पुलिस ने हकीकतपुरा मुहल्ला निवासी महताब आलम पुत्र मुस्तफा को 30 लीटर अवैध कच्ची तथा शहर कोतवाली पुलिस ने सहादतपुरा के पास रहने वाले राजू राम पुत्र रामजीत को 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ पकड़ा।
मधुबन थाने की पुलिस ने मेहदिया कुण्ड निवासी मोतीचन्द्र पुत्र श्रीपत तथा बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के चक हादसा इब्राहिमपट्टी निवासी सन्तोष पुत्र सुरेश को 315, मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने झारखंड प्रांत के सिसई गांव निवासी जयपाल पुत्र भवरा, डंगौली निवासी यदुनाथ पुत्र स्व. फूलचन्द्र, बीरबल पुत्र बद्रिका को 210, रानीपुर पुलिस ने याकूबपुर गांव निवासी बंगाली पुत्र हेमराज को 20 लीटर, सरायलखंसी थाने की पुलिस ने संतकबीर नगर जिले के महुली थाने के जगदोपुर गांव निवासी नरायन कुमार पुत्र रामदुलारे को 80 लीटर, घोसी पुलिस ने रायबरेली जिले के गुरुबख्श थाने के पिपरी गांव निवासी इंदल पुत्र राम विलास, रामसजीवन पुत्र नन्हकऊ को 120 लीटर, कोपागंज पुलिस ने लीलारी भरौली से झारखंड प्रांत के गुमला जिले के सिसई थाने के जलका गांव निवासी आदिवासी वन्देमातरम पुत्र सोम को 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ पकड़ा।
अभियान के दौरान शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए। एसपी ने बताया कि सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियिम का मुकदमा दर्ज किया गया है।