मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी मुहल्ले में मौजूद ओवरब्रिज पर विद्यालय जाने के दौरान शुक्रवार की सुबह दुुर्घटना में छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने शनिवार को मुआवजे की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दिए। ओवरब्रिज के पास जाम लगाए जाने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बाद में मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस के साथ अधिकारियों के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। दूसरी तरफ दुर्घटना में मरी छात्रा खुशबू और उसकी मौत की सूचना मिलने पर सदमे में आकर मरी सहेली नेहा की याद में शनिवार की शाम को छात्रों और विद्यालय परिवार ने कैडिल मार्च निकाला।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ख्वाजा जहांपुर मुहल्ले में रहने वाली और रामस्वरुप भरती इंटर कॉलेज में कक्षा दस की छात्रा खुशबू विद्यालय जाने के दौरान कार की चपेट में आकर ओवर ब्रिज से नीचे गिर गई थी। घायल हुई छात्रा की उपचार के दौरान मौत हो गई। खुशबू की मौत की सूचना मिलने पर बीमार चल रही उसकी सहेली नेहा सिंह की देर शाम को मौत हो गई। साथ ही घटना के बाद विद्यालय शोक में बंद हो गया था। शनिवार को खुशबू के परिवार के लोग मुआवजा की मांग करते हुए भीटी स्थित ओवर ब्रिज के पास जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर कोतवाल शिशिर त्रिवेदी के साथ सीओ नगर राजकुमार मौके पर पहुंचे। सीओ के आश्वासन देने पर जाम समाप्त हुआ। विद्यालय की छात्रा खुशबू और नेहा की मौत होने पर शनिवार को रामस्वरुप भारती इंटर कालेज शोक में बंद रहा। देर शाम विद्यालय के छात्रों के साथ शिक्षकों ने मृत छात्राओं की याद में कैंडिल मार्च निकाला। यह मार्च डीसीएसके से शुरू होकर बालनिकेतन होते हुए रामस्वरुप भारती इंटर कालेज तक गया। जुलूस में शामिल लोगों ने मृत छात्राओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया। साथ ही श्रद्धांजलि दी।