शहर कोतवाली क्षेत्र के शहादतपुरा नई बस्ती मुहल्ला निवासी पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त एलआईयू इंस्पेक्टर के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 50 हजार रुपये नगदी सहित लाखों के आभूषण चुरा लिया। परिवार के लोग किसी के इलाज के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घटना की जानकारी पड़ोसियों ने मंगलवार की सुबह उन्हें दी। पीड़ित गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है।
शहादतपुरा मुहल्ला के ब्रह्मस्थान नई बस्ती में सेवानिवृत्त एलआईयू इंस्पेक्टर राजेंद्र त्रिपाठी का मकान है। वे इन दिनों काफी बीमार हैं। उनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इधर राजेंद्र के पौत्र की तबीयत सोमवार को काफी बिगड़ गई, तो उनके बेटे आशुतोष ने उसे आजमगढ़ के एक नर्सिंगहोम में भर्ती करा दिया। इन दोनों की देखभाल के लिए घर के सदस्य बाहर चले गए थे। मकान पर कोई नहीं था और दरवाजे पर ताला बंद था। अनुमान है कि रात में चोर मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने आलमारी में रखे गए 50 हजार रुपये नगद और सोने और चांदी के 25 थान गहने चुरा ले गए। गृहस्वामी के अनुसार चोरी गए गहनों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। गृह स्वामी का बेटा आशुतोष आनन फानन में घर पहुंचा। उसके अनुसार चोर कीमती सामान चुरा ले गए थे जबकि अन्य सामानों को इधर उधर बिखेर डाला था। इस बाबत आशुतोष ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। तहरीर देने के बाद भी मौके पर निरीक्षण करने पुलिस नहीं गई। उधर सीओ राजकुमार का कहना है कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करेगी।