चोरी के सामान के साथ जीआरपी ने एक को दबोचा
चोरी के सामान के साथ मऊ जीआरपी ने बेल्थरारोड स्टेशन से प्लेटफॉर्म एक से शुक्रवार की सुबह एक चोर को चोरी के सामान से गिरफ्तार किया। वांछित चोर की जीआरपी को काफी समय से तलाश थी, पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
जीआरपी एसओ ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि मुखबीर से उन्हें सूचना मिली कि एक शातिर चोरी की घटना को अंजाम देने की नीयत से बेल्थरारोड स्टेशन पर है। सूचना पर एसओ दलबल के साथ स्टेशन पहुंचे। जहां पुलिस को देखकर चोर ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी होने के चलते वह सफल नहीं हो सका। पकड़े गए चोर की शिनाख्त मनीष शुक्ला पुत्र सभापति निवासी वीरसिंहपुर थाना भटनी जिला भटनी के रूप में हुई। चोर के पास से एक झुमका, एक चेन बरामद हुआ है। एसओ ने बताया कि चोर के पास से बरामद सामान सोनभद्र जिले के राबर्टसगंज थाना के न्यू कॉलोनी निवासी रेखा केशरी पत्नी प्रदीप केशरी का है। पुलिस ने बताया कि बीते 5 मई को कादीपुर रेलवे स्टेशन पर तीन चोरों द्वारा सामान चोरी कर लिया गया था। जहां पुलिस ने पहले ही दो चोर को गिरफ्तार कर चुकी थी, वहीं तीसरा चोर मनीष फरार चल रहा था।