रतनपुरा। हलधरपुर थाना क्षेत्र के मेउड़ी चट्टी के पास मंगलवार की देर शाम ट्रक की चपेट में आने से घायल हुए वृद्ध की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्य शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के करउत निवासी तपेश्वर यादव (65) पुत्र हरगुन यादव घर से अपने पोते के साथ साइकिल से रतनपुरा स्थित बाजार आए हुए थे। मेउड़ी चट्टी पर अपने पोते को साइकिल और सामान देकर घर भेज दिए और कहे कि तुम घर चलो हम आ रहे हैं। वे पैदल ही सड़क पार कर रहे थे, तभी बलिया से मऊ की तरफ जा रहा ट्रक वृद्ध को धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। तपेश्वर यादव हलधरपुर स्थित विद्युत सब स्टेशन पर संविदा कर्मचारी थे। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।