घोसी। नगर के हनुमानजी मंदिर के सामने गुरुवार को दोपहर दो बजे ट्रेलर के धक्के से सड़क किनारे पेड़ की डाली टूट गई। जो कि सड़क किनारे खड़े एक वाहन पर गिर गया। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ तीन किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। एक घंटे बाद पुलिस ने जेेसीबी से टूटी डाल को हटवाकर रास्ता खुलवाया।
गोरखपुर की तरफ से मारुति सुजुकी कार को ले जा रहा ट्रेलर हनुमान मंदिर के पास से गुजरते हुए नीम के पेड़ से टकरा गया। इससे नीम की एक बड़ी डाल वाहन पर गिरने के साथ सड़क किनारे खड़ी एक कार पर आ गिरी। डाल गिरते देखकर वाहन चालक तथा उसमें सवार लोग वाहन से बाहर निकल गए। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्राला पर पेड़ के गिरने के चलते व्यस्त बस स्टेशन पर दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई। थोड़े देर में ही राष्ट्रीयराज्य मार्ग 29 होने के चलते पीड़वल मोड़ से लेकर चीनी मिल तक लंबा जाम लग गया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस पहुंची और जेसीबी की मदद से डाल को हटवाया। करीब एक घंटे बाद आवागमन शुरू हो सका।