नगर के गाजीपुर तिराहा के समीप निजी हास्पिटल में कोरोना पाजिटीव केस मिलने के बाद मौके पर पहुँचे डा
- फोटो : MAU
मऊ। बृहस्पतिवार की शाम आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद युवक के मुहल्ले और उसके कार्यस्थल अस्पताल को प्रशासन ने हॉटस्पॉट बनाकर दोनों स्थानों पर आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं हॉटस्पॉट बनने से अस्पताल में 70 मरीजों के साथ तीमारदारों को अब लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आने का इंतेजार करना होगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को अस्पताल के चिकित्सकों सहित 40 स्टॉफों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।
नगर के कासिमपुरा मुहल्ले निवासी युवक नगर के गाजीपुर तिराहा स्थित अस्पताल में स्वीपर का कार्य करता है। बीत दिनों स्वास्थ्य महकमा ने उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद प्रशासन ने सबसे पहले कासिमपुरा मुहल्ले को हॉटस्पॉट बनाने के बाद उसके कार्यस्थल अस्पताल को भी हॉटस्पॉट बनाते हुए सील कर दिया।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि हॉटस्पॉट बने अस्पताल में वर्तमान में 70 मरीज भर्ती है। इन मरीजों और उसके तीमारदारों को अस्पताल प्रबंधन ही भोजन उपलब्ध करायगा। अस्पताल में तैनात चिकित्सकों और स्टॉफ तथा कुछ मरीजों सहित 40 लोगों का सैंपल शुक्रवार को लेकर जांच के लिए भेजा गया है। बताया कि शनिवार को अस्पताल में मौजूद सभी का सैंपल जांच के लिए भेज दिया जाएगा।
शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य महकमा ने बीते दिनों ने नगर के पांच प्रसिद्ध अस्पतालों में तैनात 25 कर्मियों को सैंपल लेेकर जांच के लिए भेजा था। हर अस्पताल से पांच कर्मियों को स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग के लिए चिहिन्त किया था। शेष रिपोर्ट निगेटिव आने पर स्वास्थ्य महकमे के साथ प्रशासन ने राहत की सांस ली। सूत्रों से ज्ञात हुआ कि पॉजिटिव मिला स्वीपर कई अस्पतालों में सेवा देता था।