मधुबन में जिला सहकारी बैंक के नवीन भवन का उद्घाटन करते कैबिनेट मंत्री एके शर्मा। स्रोत- स्वयं
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने सोमवार को जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, मऊ की मधुबन शाखा के नवीन भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए।
उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सहकारिता क्षेत्र की उपेक्षा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहकारिता मंत्रालय का गठन कर सहकारिता से समृद्धि का संकल्प दिया है। इसी सोच के तहत सहकारी संस्थाएं किसानों को कम ब्याज पर ऋण, गुणवत्तापूर्ण बीज और खाद उपलब्ध करा रही हैं।
बताया कि आगामी पेराई सत्र के लिए पांच से छह करोड़ रुपये की व्यवस्था की जा रही है। दीर्घकालिक योजना के तहत घोसी चीनी मिल को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद मंत्री बार्क में वैज्ञानिक पद पर चयनित हिमांशु वर्मा के आवास पहुंचे। उन्होंने हिमांशु को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर गिरिजा शंकर मौर्य, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शुभम सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अखिलेश तिवारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक विजय प्रकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में सहकारी समिति के सदस्य, किसान और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।