दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के भदेसरा निवासी गैंगस्टर नवीन सिंह उर्फ रिंकू, उसकी पत्नी और मां के नाम दर्ज 6.80 करोड़ रुपये की जमीन पुलिस ने शुक्रवार को कुर्क कर दी।
आरोप है कि भदेसरा निवासी नवीन सिंह उर्फ रिंकू, प्रवीण सिंह और विपिन सिंह ने धोखे से दूसरे के नाम पर नगर पालिका परिषद मऊ में टेंडर लिया और सिक्योरिटी मनी में धोखाधड़ी की। इसके साथ ही कई लोगों के साथ मारपीट भी की गई है।
एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि नवीन सिंह व उसके गिरोह में शामिल दो भाइयों द्वारा संगठित एवं समाज विरोधी अपराध कर अवैध रूप से धन अर्जित किया गया।
विवेचना के दौरान पाया गया कि नवीन सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह के नाम भदेसरा मौजा में गाटा संख्या 43 की रकबा 0.17622 हेक्टेयर भूमि, उसकी मां माया रानी सिंह के नाम गाटा संख्या 43 की रकबा 0.13220 हेक्टेयर भूमि और गाटा संख्या 43 की रकबा 0.13216 हेक्टेयर भूमि दर्ज है।
इन सभी संपत्तियों की बाजार कीमत 6 करोड़ 80 लाख 32 हजार रुपये आंकी गई है। तथ्यों के आधार पर पुलिस रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी गई थी। साक्ष्यों व अभिलेखों के परीक्षण के बाद जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने इन संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया।
इनसेट
इन आपराधिक मामलों में हुई थी कार्रवाई
थानाध्यक्ष बसंत लाल ने बताया कि 23 अप्रैल 2023 को अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मऊ ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि नवीन सिंह ने नगर पालिका परिषद मऊ में वित्तीय वर्ष 2008-09 से 2013-14 तक विभिन्न कार्यों का ठेका लेकर कार्य कराया था और सिक्योरिटी मनी में भी धोखाधड़ी की थी। 21 मार्च 2022 को भदेसरा निवासी श्यामलाल ने तहरीर दी थी कि उनके गांव के निवासी हरिश्चंद्र सिंह और उनके बेटे प्रवीण सिंह, नवीन सिंह और विपिन सिंह ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर कागजात पर हस्ताक्षर कराए और धोखे से बैंक खाता खुलवाकर उसमें लाखों रुपये का लेन-देन किया। 22 नवंबर 2025 को भदेसरा गांव निवासी सत्येश त्रिपाठी ने तहरीर दी थी कि प्रवीण सिंह, नवीन सिंह, विपिन सिंह, रामविलास यादव, सन्नी चौहान और आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के जियासड़ निवासी रणधीर सिंह उर्फ पहलवान ने पुरानी चुनावी रंजिश में उन्हें और उनके दोस्त आशीष यादव को गाली देते हुए पीटकर घायल कर दिया था।