मधुबन तहसील क्षेत्र के सूरजपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दरगाह ग्राम सभा में सोमवार को अवर अभियंता सत्येंद्र गुप्ता के नेतृत्व में डोर टू डोर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान से कई कटिया कनेक्शन धारक अपने केबल जल्दी-जल्दी उतारते नजर आए। इस दौरान बिजली कर्मियों द्वारा 36 घरों में कनेक्शन की जांच की गई और साथ में जिन घरों में अब तक मीटर नहीं लगे थे वहां नया बिजली का मीटर भी लगाया गया। चेकिंग अभियान के दौरान 12 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए गए और उन्हें वर्तमान में बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे एकमुश्त समाधान योजना के तहत जल्द बकाया बिलों के भुगतान करने की सलाह दी।
चार उपभोक्ताओं का विद्युत भार बढ़ाया गया तो वहीं पांच लोगों के घरेलू कनेक्शन को कमर्शियल में परिवर्तित किया गया। विद्युत खंड अधिकारी दोहरीघाट सुनील पाल का कहना था कि सूरजपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव में चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। चेकिंग के दौरान सीतेश गुप्त, श्रीराम पटेल, राजेश सिंह, रमेश सिंह आदि विद्युत कर्मी मौजूद रहे।