चिरैयाकोट में सड़क जाम करने के प्रयास के आरोप में कांग्रेस अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनय
- फोटो : MAU
चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के असलपुर गांव निवासी दलित अरविंद राम के मुख्य हत्यारोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बुधवार को रायपुर बाजार में अपने दस समर्थकों के साथ आजमगढ़ गाजीपुर मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास कर रहे कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनय कुमार गौतम और कांग्रेस के न्याय पंचायत जिलाध्यक्ष यशवंत यादव को पुलिस ने गिरफ्तार करके शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।
पुलिस ने उनके चार पहिया वाहन को सीज कर दिया। जाम लगाने का प्रयास कर रहे विनय गौतम के अनुसार थाना क्षेत्र के असलपुर गांव में दलित परिवार के अरविन्द राम की हत्या बगल की बस्ती का निवासी ईनामिया अपराधी राहुल सिंह ने 12 जनवरी को गोली मारकर कर दिया। उसके पहले लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व असलपुर के दलित प्रधान मुन्ना राव बागी की भी हत्या भरी पंचायत में उसी अपराधी द्वारा कर दी गई। वही अपराधी दलित बस्ती के लोगो को बार बार वह धमकियां दे रहा है। उसकी गिरफ्तारी और दलित बस्ती के लोगों की सुरक्षा संबंधी मांग पत्र देने के लिए वह असलपुर के दलित बस्ती के लोगो से मिलकर जिलाधिकारी को मांगपत्र देने के लिए जाम लगाने का प्रयास किया जा रहा था। जाम लगाने का प्रयास करने वालों में कांग्रेस नेता विनय कुमार गौतम और यशवंत यादव के साथ संतोष कटाई, बब्बलू राय, माधवेंद्र बहादुर सिंह, छोटेलाल आदि रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि इन नेताओ द्वारा प्रशासन से बिना अनुमति लिए जाम लगाने का प्रयास किया जा रहा था। नहीं मानने पर गिरफ्तार करके शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया गया।