मधुबन। स्थानीय तहसील सभागार में एसडीएम राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में खाद्य एवं विपणन विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें तहसील क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों में बनाए जा रहे मॉडल शाॅप भवनों की प्रगति की जानकारी दी गई।
पूर्ति निरीक्षक विनोद कुमार अग्रहरि ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15 मॉडल शाॅप का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें से 10 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इन भवनों से पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को कोटेदारों द्वारा राशन वितरण कराया जा रहा है। शेष पांच केंद्रों को ब्लॉक प्रशासन के सहयोग से मॉडल शाॅप के रूप में विकसित किया जा रहा है। उपजिलाधिकारी राजेश अग्रवाल ने कहा कि पूर्व में कोटेदारों के यहां उपयुक्त कमरों की कमी के कारण पात्र गृहस्थी को समय से राशन वितरण में दिक्कत आती थी। शासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में मॉडल शाॅप भवन के निर्माण का निर्देश दिया है। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्माण कार्य की शेष कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया।बैठक में बीडीओ अनिल कुमार कुशवाहा सहित अधिकारी शामिल थे।