मधुबन। तहसील क्षेत्र के हृदयपट्टी स्थित राजकीय महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत तहसीलस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, भारतीय संविधान, स्वतंत्रता आंदोलन, उत्तर प्रदेश और जनकल्याणकारी योजनाओं समेत विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।
प्रतियोगिता में दरगाह स्थित एक निजी महाविद्यालय की महादेवी, गरिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय महाविद्यालय मधुबन की छात्राएं तन्नू मौर्या और श्वेता यादव संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि विकास कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में ज्ञान, तार्किक क्षमता और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होती हैं।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार ने अतिथि, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए विजेताओं को बधाई दी। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।