कोपागंज थाना क्षेत्र स्थित कोपेश्वरी माता मंदिर में युवक का शव मिलने के मामले में घटना के सातवें दिन शुक्रवार को सीओ घोसी जितेंद्र सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना से संबंधित जानकारी ली।
बीते 15 मई की सुबह नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित कोपेश्वरी माता मंदिर में मोहल्ला दोस्तपुरा निवासी सौरभ सोनकर (26) का शव मंदिर के पंखे से लटकता मिला था। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा बताया गया था। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे सीओ घोसी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक पर विभिन्न धाराओं में कोपागंज थाने में छह मुकदमे दर्ज थे। पुलिस मामले के हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।