वलीदपुर। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और बिना पंजीकरण के उपचार करने वाले चिकित्सकों पर नकेल कसने के क्रम में मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने मुहम्मदाबाद गोहना में निजी क्लीनिक की जांच की। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक और यूनानी अधिकारी डॉ. सत्येंद्र साहू और नायब तहसीलदार गौरव शाह ने नई सब्जी मंडी के समीप चल रहे डॉ. दूधनाथ गौतम के क्लीनिक पर छापा मारा।
जांच के दौरान अधिकारियों ने क्लीनिक का गहन निरीक्षण किया। मौके पर क्लीनिक संचालक से पंजीकरण प्रमाणपत्र और शैक्षणिक डिग्री से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा गया। लेकिन वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। आवश्यक अभिलेखों के अभाव में अधिकारियों ने तत्काल क्लीनिक का संचालन बंद करवाते हुए उसे सील कर दिया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक और यूनानी अधिकारी ने बताया कि बिना वैध रजिस्ट्रेशन और डिग्री के चिकित्सा व्यवसाय संचालित करना कानूनन दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में शासन के निर्देशानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।