मऊ। शहरवासियों को बोटिंग के लिए अब वाराणसी या गोरखपुर जाने की जरूरत नहीं होगी, दरअसल नगर पालिका द्वारा अमृत सरोवर के तहत सुंदरीकरण कार्य के तहत झील महल को बोटिंग क्लब की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।
बोटिंग के लिए झील की लंबाई गहराई मानक के अनुरूप होने के चलते नगर पालिका द्वारा यहां पैडल बोट चलाने की योजना है। झील महल में न केवल बोटिंग की सुविधा होगी बल्कि यहां रेस्ट्रोरेंट के साथ बच्चों के आकर्षक झूले, युवाओं के लिए ओपन जिम और बुजुर्गों के टहलने के लिए झील के चारों ओर पाथ-वे बनेगा।
कलेक्ट्रेट मोड़ स्थित झील महल को अमृत सरोवर योजना में शामिल कर झील सुंदरीकरण कार्य कराया जा रहा है। 50 लाख रुपये से यहां झील का गहरीकरण कार्य किया जा चुका है। वहीं चारों तरफ पाथवें का निर्माण के साथ चारों ओर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा हो चुका है।
वर्तमान में इसके चारों ओर बोल्डर से इंटरलाकिंग का कार्य किया जा रहा है। नगर पालिका ईओ दिनेश कुमार ने बताया कि इस पार्क को बोटिंग क्लब के तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यहां झील के साथ एक कैफेटेरिया एरिया को विकसित किया जाएगा। इसमें वर्तमान में युवाओं के लिए ओपन जिम तो बच्चों के लिए झूले लगेंगे। यहां पैडल बोट संचालित की जाएगी। वहीं नगर के निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में डेढ़ एकड़ मेे बन रहे तालाब बेस्ड थीम पार्क का कार्य भी अंतिम चरण में है, ईओ ने बताया कि इस पार्क में पाथवे बनाने के साथ योगा सेंटर, ओपन जिम के साथ बच्चों के लिए विभिन्न झूले लगाने का कार्य किया जाएगा।