मऊ। जिले में प्रवाहित होने वाली भैंसही नदी के जीर्णोद्धार कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड रानीपुर के ग्राम पंचायत रसूलपुर में पूर्व विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह और सीडीओ प्रशांत नागर द्वारा शुक्रवार को किया गया। श्रमदान में जिले के पांच हजार लोग शामिल हुए, इनके साथ पूर्व एमएलसी और सीडीओ ने भी खुद फावड़ा उठाकर श्रमदान किया।
शुभारंभ करते हुए सीडीओ ने बताया कि भैंसही नदी जनपद के 32 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरती है। जनपद में इस नदी की कुल लंबाई 42 किलोमीटर है। यह नदी आजमगढ़ से जनपद में चकभदडी ग्राम पंचायत में प्रवेश करती है, जो कि विकास खंड परदहां के ग्राम पंचायत रकौली से जनपद प्रवेश करती है।
बताया कि जिला प्रशासन भैंसही नदी के जीर्णोद्धार के लिए कृत संकल्प है। इस नदी के जीर्णोद्धार कार्य में 3 महीने का समय लगेगा, नदी का जीर्णोद्धार कार्य मनरेगा से किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह ने कहा कि पहले के जमाने में गांव एवं आस पास के पोखरी, तालाब एवं सड़कों का निर्माण श्रमदान के माध्यम से ही लोग कर लेते थे।
भैंसही नदी के जीर्णोद्धार में भी लोगों को अधिक से अधिक श्रमदान कर इसके जीर्णोद्धार में सहयोग करना चाहिए। इस मौके पर विकासखंड रानीपुर के कई ग्राम पंचायतों से एकत्रित लगभग 5000 लोगों ने श्रमदान कर भैंसही नदी के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया।
श्रमदान के दौरान विकासखंड जहानागंज के ब्लॉक प्रमुख रमेश कन्नौजिया, ब्लॉक प्रमुख सोनी राज, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, खंड विकास अधिकारी रानीपुर सहित कई जनपद स्तरीय अधिकारी एवं ग्राम प्रधान आदि उपस्थित रहे।