Mau News: मऊ जिले के कुछ क्षेत्रों में बंदरों का काफी आतंक है। यहां बंदर जमकर उत्पात मचाते हैं। इस दौरान लोगों को घायल भी कर देते हैं। बच्चों के साथ बुजुर्गों में भी इसका भय बना रहता है। इस कारण बच्चे खेल-कूद नहीं पा रहे हैं।
नगर सहित पूरे जिले में बंदरों का आतंक से लोग परेशान हैं। हालत यह है कि यह बंदर अब जानलेवा भी हो चुके हैं। इस बीच, नगर पालिका मऊ अध्यक्ष के नाम एक बच्चे द्वारा लिखा पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें बच्चे द्वारा बंदरों की समस्या से निजात दिलाने की मांग नपाध्यक्ष से की गई है।
विज्ञापन
उधर, इस मामले को लेकर जिम्मेदारों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह मामला हमारे संज्ञान में भी आया है, जिससे गंभीरता से लेकर इस समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
नगर के सलाहाबाद मोड़ निवासी दिव्य कार्तिक का जो पत्र वायरल हो रहा है। उसकी शुरुआत आवेदन के रूप में करते हुए सेवा में नगर पालिका अध्यक्ष मऊ के रूप में की गई है। इसके बाद लिखा गया है कि महोदय आपसे निवेदन है कि हम लोग सलाहाबाद मोड़ पर रहते हैं।
विज्ञापन
हमारे मुहल्ले में ढेर सारे बंदर रहते हैं, इनसे हम खेल नहीं पाते हैं। स्कूल जाते समय बंदर हम में से किसी का भी टिफिन या बैग लेकर भाग जाते हैं। हम बाहर खेल भी नहीं पाते हैं, अगर हम बाहर निकलते हैं तो नोच देते हैं। हमारे कपड़े फाड़ देते हैं, कृपया हमें बंदरों से बचाईए।
उधर, इस वायरल पत्र के संबंध में नगर पालिका ईओ दिनेश कुमार का कहना है कि हमें भी इसकी जानकारी सोशल मीडिया से जानकारी मिली है। पत्र की कॉपी तो नहीं मिली है, लेकिन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का स्थलीय मुआयना कर इस समस्या का निदान का प्रयास कराया जाएगा।