मऊ। सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के 22 सदस्यीय नई कार्यकारिणी के गठन के लिए नामांकन प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू होगी। मतदान 24 जनवरी को होगा, मतदान के लिए 1032 अधिवक्ताओं को मतदाता बनाया गया है। नामांकन को देखते हुए कचहरी परिसर में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं ।एल्डर कमेटी के चेयरमैन दीनानाथ यादव और चुनाव अधिकारी इकबाल अहमद ने बताया कि अध्यक्ष, महामंत्री सहित 22 पदों पर चुनाव होना है। मतदान 24 जनवरी को होगा, वहीं 13 और 14 जनवरी को उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
उन्होंने बताया कि नामांकन संघ के पुस्तकालय भवन में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराहन 3:00 बजे तक दाखिल हो सकेगा। नामांकन के साथ उम्मीदवार को शपथ पत्र, तथा एक प्रस्तावक और एक समर्थक लगेंगे।उम्मीदवार को नामांकन पत्र के साथ प्रस्तावक और समर्थक का सीओपी युक्त बार काउंसिल द्वारा जारी पहचान पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि कोविड 19 गाइडलाइन का पालन करते हुए उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र संघ के पुस्तकालय भवन में स्थित एल्डर कमेटी के कक्ष में दाखिल करेंगे।
बुधवार को कचहरी परिसर में संभावित प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं से संपर्क कर अपने-अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए देखे गए। कचहरी परिसर मे पूरे दिन इस बात को लेकर आम अधिवक्ताओं मे चर्चा होती रही कि आगामी चुनाव बार एसोसिएशन की दशा और दिशा तय करने के साथ ही अधिवक्ताओ के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण होगा। अधिवक्ता ऐसे उम्मीदवारों को सबक सिखाने का मन बना चुके है। ऐसे मे हर वर्ष की भांति इस वर्ष का चुनाव अलग होने जा रहा है।