स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर सोमवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों मेें जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इसमें स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर नगर में नेहरू युवा केंद्र की ओर से जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप मेें मनाया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजेंद्र मिश्र ने कहा कि विचार कभी बूढ़ा नहीं होता। मन में कुछ करने की उमंग हो तो बूढ़ा भी नौजवान बन जाता है।
युवा समन्वयक ओमप्रकाश मिश्र ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। नगर के मुंशीपुरा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में जयंती समारोह पर मूवमेंट फार राइट्स के संयोजक अरविंद मूर्ति ने कहा कि भारत को महान बनाने के लिए युवाओं को सदाचार की शक्ति में विश्वास करते हुए उसे अपने आचरण में लाना होगा।
चरित्र का निर्माण तोप और एटम बम से नहीं विचार शक्ति से होगा। इसके लिए स्वामी विवेकानंद का विचार और आचरण प्रेरणापुंज है।
नगरपालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि अरशद जमाल ने कहा कि आप बच्चे छोटी-छोटी गलतियों के वजह से यहां हैं। चरित्र और जीवन को इतना महान बनाइए कि हमें आप पर गर्व हो।
अंत में स्वामी विवेकानंद जी के प्रेरणदायी साहित्य और ज्ञानवर्धक पत्र पत्रिकाएं बच्चों को भेंट की गई। पालिकाध्यक्ष ने संप्रेक्षण गृह के 34 बच्चों को कंबल वितरित किया।
दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर नगर के सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इसमें स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय नारायन शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद संत ही नहीं एक महान देशभक्त, वक्ता, लेखक तथा मानव प्रेमी थे। उन्होंने भारत का नाम विश्व पटल पर चमकाया है।
युवाओं को उनके बताए हुए रास्ते पर चलकर देश और समाज की सेवा करनी चाहिए। समारोह को डा. एचएन सिंह, भरत सिंह आदि ने संबोधित किया।
घोसी संवाददाता के अनुसार स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती के अवसर पर रामलगन पीजी कालेज घोसी के प्रांगण में गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस मौके पर साहित्यकार डा. सर्वेश पांडेय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने आदर्शों, विचारों से भारत का जो मान बढ़ाया वह आज भी बरकरार है।