मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर गांव निवासी महिला ने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि उसकी शादी को केवल 15 महीने हुए हैं। उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसके चलते वह दहेज के लिए प्रताड़ित करता है।
प्रभारी निरीक्षक केके वर्मा ने बताया कि दर्ज मुकदमे के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर गांव निवासी उषा चौहान ने बताया कि उसकी शादी 18 अप्रैल 2024 को दोहरीघाट थाना क्षेत्र के हरधौली गांव निवासी प्रेमचंद चौहान के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। कई बार जान से मारने का भी प्रयास किया। आरोप लगाया कि पति का परिवार की ही एक महिला से संबंध है। इसको लेकर वह मुझे प्रताड़ित करता है। आरोप लगाया कि ससुराल में दहेज की भी मांग की जाती है। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया जाता है। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केके वर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर बृहस्पतिवार को प्रेमचंद चौहान के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।