मुहम्मदाबाद गोहना। एडमिशन का पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी और विश्वासघात के आरोप में गाजीपुर के एक डीएलएड कॉलेज के प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। यह कार्रवाई मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के शेखवलिया गांव निवासी दिनेश यादव के प्रार्थना पत्र और न्यायालय के आदेश की गई है। दर्ज मुकदमे के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के शेखवलिया गांव निवासी दिनेश यादव का आरोप है कि सत्र 2016-17 में उनके पुत्र अखिलेश का डीएलएड में प्रवेश के लिए जिला स्तर पर गाज़ीपुर और मऊ जनपद में फार्म भरा गया था। पहली लिस्ट में गाजीपुर जिला एलाट हुआ। इस बीच गाजीपुर के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के उकराव गांव स्थित कृषक महाविद्यालय के प्रबंधक शोभनाथ यादव के संपर्क में आया।
शोभनाथ ने अपने कॉलेज में एडमिशन कराने के लिए पीड़ित से 41 हजार का डिमांड ड्राफ्ट ले लिया। बाद में दूसरी काउंसलिंग में उसके बेटे को घर के पास ही कोइरियापार स्थित एक अन्य कॉलेज में एडमिशन मिल गया। पीड़ित का कहना है कि डिमांड ड्राफ्ट वापस लेने के लिए जब आरोपी से संपर्क किया तो उन्होंने आनाकानी की। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को आरोपी प्रबंधक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।