मधुबन। दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को पति सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मधुबन थाना क्षेत्र के नहर चौक पर बीते पांच मार्च की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में घर में विवाहिता मिली थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
रामपुर थाना क्षेत्र के मीरपुर मझौवा निवासी राकेश वर्मा द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार उसकी पुत्री शालू वर्मा की शादी आठ दिसंबर 2022 को मधुबन कस्बा निवासी प्रदीप वर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति प्रदीप वर्मा, ससुर श्यामसुंदर वर्मा, सास मधुरी वर्मा और ननद दहेज को लेकर ताना मारते थे।
बीते पांच मार्च को दामाद प्रदीप वर्मा ने फोन करके घर बुलाया। वहां पहुंचा तो उसकी पुत्री कमरे में बेसुध पड़ी थी। उसे प्राइवेट अस्पताल ले गया, लेकिन वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव भेज दिया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद