मऊ। कोरोना महामारी के दौर में टीबी का संक्रमण भी बढ़ रहा है। इस माह में दस दिन तक चले टीबी खोज रोगी अभियान में 102 नए मरीज मिले। इसमें सर्वाधिक 12 मरीज मऊ शहर के मिले हैं। अब कुल मरीजों की संख्या 2883 पहुंच गई है। नए मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है।
बताते चले कि जिले में 2 नवंबर से 11 नवंबर तक टीबी रोगी खोज अभियान चलाया गया था। अभियान के तहत दस मेडिकल ऑफिसर के मानीटरिंग में 20 सुपरवाइजार और तीन सदस्यीय 90 टीमों द्वारा 2 लाख 56 हजार 336 लोगों की स्क्रीनिंग की गई थी। इसमें टीबी रोग के लक्षण मिलने पर 1597 लोगों का बलगम जांच किया गया। जिसमें 45 लोगों में टीबी मिला। इसीक्रम में 2 हजार से ज्यादा एक्सरे की जांच में 57 लोग लोग टीबी से ग्रसित मिले। दस दिन तक चले अभियान में 102 मरीज मिले। हालांकि बीते वर्ष 2019 में दस दिवसीय अभियान में मिले 115 मरीज के सापेक्ष इस वर्ष मरीजों की संख्या कम रही है। इसमें सबसे ज्यादा 12 मरीज मऊ शहर क्षेत्र के है। इसके बाद 11 मरीज रानीपुर ब्लाक क्षेत्र में मिले हैं। इस बाबत जिला क्षय अधिकारी डॉ. एसपी अग्रवाल का कहना है कि अभियान में मिले मरीजों को पंजीकृत कर उनका उपचार शुरू किया जा चुका है।
फेफड़े के मरीजों खास ध्यान रखने की जरूरत
विभाग जिले में पूरी तत्परता से टीबी मरीजों को कोरोना के प्रति जागरूक कर रहा है और इलाज व चिकित्सकीय परामर्श के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज की कोविड-19 की जांच कर रहा है। जिला क्षय अधिकारी डॉ. एसपी अग्रवाल ने बताया कि कोरोना महामारी के दौर में वैसे तो सभी को सतर्कता बरतनी है, लेकिन टीबी (क्षय रोग) के मरीजों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर उन मरीजों को जो पहले से ही फेफड़े की समस्या से जूझ रहे हैं।