रतनपुरा (मऊ)। स्थानीय दुर्गा मंदिर के समीप इलेक्ट्रॉनिक फर्नीचर की एक दुकान पर दो ठगों ने 500 रुपये एडवांस देकर दुकानदार का 42000 रुपयों का स्मार्टफोन उड़ा लिया। इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर के दुकानदार सन्नी जायसवाल अपनी दुकान पर दीपावली के दिन ग्राहकों को निपटा रहा था। इसी दौरान एक बाइक से दो ठग उसकी दुकान पर पहुंचे। युवकों ने कहा कि लड़की की शादी के लिए फर्नीचर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लेना है। सन्नी ने ग्राहकों को वाशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज, कूलर और फर्नीचर इत्यादि दिखा दिया। ठगों ने डेढ़ लाख रुपयों के सामानों को पसंद किया।
दुकानदार को पेशगी के रूप में 500 रुपये अग्रिम देकर के सभी सामानों को बुक कराके कहा कि दूसरे दिन उसे नगद मूल्य देकर के सामान ले जाएंगे। इसी बीच ठगो नें दुकानदार से एक विश्वसनीय सोनार के बारे में पूछा और कहा कि उसके दुकान पर ले चलिए, गहने भी लेना है। दुकानदार अपने ग्राहक को बेहतरीन सेवा देने के उद्देश्य से उन्हें विश्वास में लेकर एक सुनार की दुकान पर पहुंचा।
वहां पर ठगों ने उसे भी चूना लगाने का प्रयास किया परंतु चौकन्ना स्वर्णकार ठगों के झांसे में नहीं आ सका। इसके बाद ठग सन्नी के साथ पुन: उसकी दुकान पर आए और दुकानदार का मोबाइल मांगा। कहा कि घर पर बात करनी है। दुकानदार उन्हें मोबाइल देकर अन्य दूसरे ग्राहकों को सामान दिखाने लगा। दुकानदार के व्यस्त होते हीठग दुकानदार के का कीमती स्मार्टफोन लेकर भाग गए।
दुकानदार सन्नी जायसवाल ने घटना की प्राथमिकी थाने में दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राम नारायण साहू ने सीसीटीवी कैमरे के आधार पर ठगों की पहचान करके उनके विरुद्ध कठोर एवं दंडात्मक कार्यवाही किए जाने की मांग की है।