हलधरपुर थाना क्षेत्र के थलईपुर गांव के पास गुरुवार की सुबह एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक आम के पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में चालक सहित वाहन में सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी रतनपुरा लाया गया जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। एक की हालत चिंताजनक होने पर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।
बलिया जनपद के निकासी गांव निवासी रामचंद्र सिंह (74) अपने परिवार के साथ बोलेरे से आजमगढ़ शादी की खरीदारी करने जा रहे थे। इसी बीच थलईपुर के पास रतनपुरा निवासी चालक राजीव सैनी का बोलेरो से नियंत्रण छूट गया और देखते ही देखते बोलेरो सड़क किनारे आम के पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में चालक समेत गाड़ी में बैठे रामचंद्र सिंह और उनके परिवार के अन्य सदस्य जालेश्वर, विनोद सिंह, मनोज कुमार सिंह, सोनम सिंह घायल हो गए। आसपास के लोगोें की सहायता से सभी घायलों को सीएचसी रतनपुरा पहुंचाया गया जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मनोज कुमार सिंह को जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।