मधुबन थाना क्षेत्र के बहरामपुर चट्टी के पास मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल प्राथमिक विद्यालय देवनाथपुर के बीएलओ सुनील कुमार (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सुनील मंगलवार को किसी काम से साइकिल से तहसील गए थे। वहां से घर लौटते समय दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया।
हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है।