अघोषित बिजली कटौती और फुंके ट्रांसफार्मर के चलते आपूर्ति बाधित हो जाने से लोग भीषग गर्मी में बिलबिला उठे हैं। इतना ही नहीं पीने के पानी को लेकर भी लोग परेशान हो गए हैं। गुस्साए लोगों का कहना है कि लगातार शिकायत के बाद भी स्थिति बदल नहीं रही। यदि ऐसा ही रहा तो लोग आंदोलन करेंगे।
वलीदपुर : मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत के जमालपुर पोखरा मोहल्ले में बिजली आपूर्ति के लिए लगा ट्रांसफार्मर फुंके होने के दो दिन बाद भी नहीं बदला जा सका है। जमालपुर पोखरा में बिजली विभाग 100 केवीए के ट्रांसफार्मर से आपूर्ति करता है। मंगलवार की शाम ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे मोहल्ले में रात से बिजली आपूर्ति ठप रही। जहां मोहल्लेवासियों ने गर्मी के बीच रात बिताने के बाद बुधवार की सुबह सूचना दी। इसके बावजूद फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। बिजली गुल होने से लोगों को पेयजल संकट के साथ भीषण गर्मी से जूझना पड़ा। क्षेत्रवासी प्रदीप कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश चौहान, मोहन राम, रणविजय प्रकाश, दिनेश चौहान आदि का कहना है कि ट्रांसफार्मर फुंके होने की सूचना विभाग को दी जा चुकी है।
कोपागंज : कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। घंटों बिजली गुल रहने से एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। रात के समय लोग चैन से सो नहीं पा रहे हैं। जबकि कृषि सहित कुटीर उद्योगों पर असर पड़ रहा है। विद्युत उपकेंद्र डाड़ी तथा टडियांव विद्युत उपकेंद्र से कस्बा सहित विभिन्न इलाकों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। एक हफ्ते से बिजली कटौती होने से लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। मात्र दो से तीन घंटे ही बिजली मिल रही है। ऐसे में शुद्ध पानी भी मयस्सर नहीं हो पा रहा है। बुनकरों का बुनाई का कार्य प्रभावित है। इलाकाई रमेश गुप्ता, नरसिंह राय, अजय का कहना है कि इस समय बिजली नाम मात्र मिल रही है।
इससे पूरी रात जागना पड़ रहा। उधर बिजली समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी तथा संयुक्त संघर्ष मोर्चा की बैठक प्राचीन गौरी शंकर मंदिर परिसर में हुई। बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस दौरान शैलेंद्र यादव, समीउल्लाह अंसारी, संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष अशोक ठाकुर समेेत कई कार्यकर्ता आदि शामिल रहे।