मधुबन। फतेहपुर मंडाव ब्लाक अंतर्गत मर्यादपुर के पास स्थित एक गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय पर मंगलवार को प्रशासन का डंडा चला। मुख्यमंत्री कार्यालय में की गई शिकायत के बाद खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह ने मर्यादपुर स्थित ज्ञानकुंज गर्ल्स इंटर कालेज इंग्लिश मीडियम पर मान्यता नहीं होने की शिकायत पर सीज कर दिया। साथ ही इस विद्यालय में एडमिशन नहीं लेने का दीवार पर पेंटिंग कर दिया। विभाग की तरफ से कार्रवाई किए जाने के बाद एक बार फिर गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
बेसिक शिक्षा विभाग के दावे के बाद भी विकास खंड क्षेत्र के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के संचालन पर रोक नहीं लग पा रही है। शासन के फरमान के बाद भी गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय धड़ल्ले से चल रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों में 53 विद्यालय ऐसे पाए गए, जिनके पास किसी तरह की विद्यालय चलाने की मान्यता नहीं थी। छुट्टी होने से पहले विभाग ने इस आशय का नोटिस भी बीआरसी पर चस्पा की थी। हालांकि उसका असर यह हुआ कि दो तीन विद्यालयों ने तो विद्यालय बंद कर दिए लेकिन कुछ ऐसे प्रबंधक आज भी है जो बिना मान्यता के ही विद्यालय संचालित रहे हैं। यही नहीं अब तो उसको मोटी कमाई का जरिया भी बना लिए हैं। ड्रेस से लेकर जूता, मोजा, किताबें, बस्ते, कापियों के अलावा रबर पेंसिल तक बाजार से ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। दर्जनों विद्यालय ऐसे भी है जिनकी मान्यता प्राथमिक और जूनियर तक है लेकिन हाईस्कूल से लेकर इंटर तक कक्षाएं चला रहे हैं। किसी ने ज्ञानकुंज विद्यालय की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह ने विद्यालय की जांच की। जांच मेें प्रबंधक मान्यता संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह ने पहाड़ीपुर, खिरिया मर्यादपुर स्थित ज्ञान कुंज इंग्लिश एकेडमी को बंद कराकर ताला जड़ दिया। विद्यालय की दीवार पर अमान्य विद्यालय अंकित कराते हुए अभिभावकों को सलाह दी कि इस प्रकार के मान्यता विहीन विद्यालय में अपने बच्चों का नामांकन न कराएं। कई विद्यालय संचालकों को नोटिस दिया गया। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह का कहना था कि नोटिस दिए गए स्कूल अगर एक दो दिन के अंदर बंद नहीं हुए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।