भाजपा प्रत्याशी संजीव जायसवाल और उनके समर्थक।
नगर पालिका मऊ में मतदान के बीच बुधवार की दोपहर कोतवाली के पास सभासद पद के एक प्रत्याशी ने समर्थक के संग किसी बात को लेकर एक बीएलओ की पिटाई कर दी। इसको लेकर भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजीव उर्फ डिंपल जायसवाल समर्थकों के संग कोतवाली के सामने धरने पर बैठ गए।
भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों का आरोप था, कि प्रशासन की मिली भगत से अन्य दल के लोग फर्जी वोटिंग करा रहे हैं। सूचना मिलने पर सीडीओ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ लूटने की बात कही।
अपराह्न दो बजे के करीब रेलवे फाटक के पास एक सभासद पद का प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचा। वहां हनुमान मंदिर के पास बैठे बीएलओ से विवाद करने लगा। इस बीच सभासद प्रत्याशी ने बीएलओ की पिटाई कर दी। सभासद प्रत्याशी का आरोप था कि बीएलओ ने पर्ची नहीं बांटी। इस बीच पुलिस की मोबाइल टीम वहां पहुंच गई।
तभी भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजीव उर्फ डिंपल अपने समर्थकों के संग वहां पहुंचे। उन्होंने फर्जी वोटिंग होने का आरोप लगाकर कोतवाली के सामने धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ नगर राजकुमार, कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंचे। बाद में सूचना मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष द्विवेदी और एएसपी रसड़ा की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। विवाद की स्थिति करीब एक घंटे रही।
मुख्य विकास अधिकारी ने इस संबंध में बताया कि बीएलओ की तहरीर पर हमलावर के विरुद्घ जल्द से जल्द कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।