कोपागंज में भाजपा नेता वीरेंद्र गुप्ता की दुकान पर अराजकतत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ के बाद जुटी भीड़।
- फोटो : mau
थाना क्षेत्र के वाजिदपुरा मुहल्ले में गुरुवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर कुछ मनबढ़ों ने भाजपा व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री पर हमला किया। घटना के समय पीड़ित अपनी दवा की दुकान पर बैठे थे। हाथापाई के दौरान व्यापारी को हल्की चोटें आईं। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण सूचना मिलते ही मौके पर भारी फोर्स पहुंच गई।
कोपागंज थाना क्षेत्र के वाजिदपुरा मुहल्ला निवासी वीरेंद्र गुप्ता मुहल्ले में दक्षिण छोर पर होम्योपैथिक दवा की दुकान खोले है। वीरेंद्र वर्तमान समय में भाजपा व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री भी हैं। इसके अलावा नगर पंचायत चुनाव में वो कोपागंज से चेयरमैन का चुनाव लड़ चुकेें हैं। गुरुवार को वीरेंद्र अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी पुरानी रंजिश को लेकर एक समुदाय के लोगों ने वीरेंद्र पर हमला कर दिया। पीड़ित की मानें तो हमलावर सैकड़ों की संख्या में थे। हमलावरों को आता देख वीरेंद्र दुकान से भागने लगे। इस बीच कुछ लोगों ने उनसे हाथापाई की। इस दौरान उन्हें हल्की चोटें आईं। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई। इसी बीच सूचना पर सीओ घोसी नंदलाल के साथ एसडीएम सदर डॉ. अंकुर लाठर और कोतवाल पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मामला दो समुदायों का होने के कारण मौके पर पुलिस की तैनाती की गई। साथ ही घायल भाजपा नेता वीरेंद्र की तहरीर पर कस्बा निवासी मोहम्मद अकरम, गुड्डू, आजाद, लालू पुत्रगण अब्दुल गनी और फिरोज पुत्र अज्ञात के साथ सैंकड़ों अज्ञात को आरोपित करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की।
सीओ घोसी नंदलाल ने बताया कि मामला सांप्रदायिक नहीं बल्कि आपसी रंजिश का है। कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की गई है। वहीं भाजपा नेता के साथ मारपीट की घटना की जानकारी होने पर मौके पर दर्जनों की संख्या में भाजपा नेता थाने पहुंचे थे।