मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के न्यामुपूर सिकटिया ओवरब्रिज के पास बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम घायल को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर युवक दिल्ली दिल्ली के शहीद भगत सिंह नगर फराला का रहने वाला है। पहचान लक्ष्मण ओझा (30) पुत्र नारायण ओझा के रूप में हुई है।
ट्रैक्टर ट्राली पलटने से चालक की मौत
चिरैयाकोट। स्थानीय थाना क्षेत्र के इब्राहिमचक गांव में शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि थाना क्षेत्र के तेंदुआर कटघर संजर निवासी पप्पू यादव (45) शुक्रवार की दोपहर ट्राली पर मिट्टी लादकर इब्राहिमचक गांव होते हुए चिरैयाकोट की तरफ जा रहे थे। इब्राहिमचक गांव में चकरोड पर बने गड्ढे में पहिया पड़ने से ट्रैक्टर पलट गई। ग्रामीणों ने अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस को फोन किया। इतने में पप्पू यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। संवाद