मऊ-बढुआ गोदाम। रहजनिया बिजली केंद्र के अवंर अभियंता और सिविल कोर्ट के एक वकील ने बृहस्पतिवार को सरायलखंसी थाने में एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अवंर अभियंता ने अधिवक्ता पर बिजली चोरी के साथ ही मारपीट और गाली गलौज करने के साथ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सरकारी दस्तावेज फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।जबकि अधिवक्ता ने अवर अभियंता पर घर में घुसकर मां और पत्नी पर अभद्रता के साथ गाली देने का आरोप लगाया है।
वहीं जेई पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट को पत्रक सौंपकर कार्रवाई की मांग की।दर्ज मुकदमे में रहजनिया उपकेंद्र के अवंर अभियंता जमुना प्रसाद ने बताया कि विद्युत चोरी और बकाया वसूली अभियान के तहत निविदाकर्मी परशुराम यादव, पंकज कुमार, अजीत कुमार यादव हरेन्द्र यादव एवं गौतम सिंह के साथ सलहाबाद गांव में बकायेदार उपभोक्ताओं की चेकिंग एवं कनेक्शन काटा जा रहा था। उसी क्रम में भरत प्रजापति के घर पर गए जहां पर इनके परिसर पर दो पसी लगे है। जांच में भरत द्वारा विद्युत चोरी करते पाया गया।
वहीं सलाहाबाद निवासी और अधिवक्ता भरत प्रजापति ने दर्ज मुकदमे में बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर ढाई बजे के करीब से अपने घर के गेट के उपर से चढ़कर बिजली विभाग के अवर अभियंता जमुना प्रसाद पटेल और उनके पांच से छः अज्ञात लोग छत के रास्ते से घर में घुसकर मेरी मां और पत्नी के साथ अभद्रता कर रहे थे। गाली गलौज और हाथा-पाई किए और बिजली चोरी में फंसाने की धमकी दी।
इस मामले में सरायलंखसी थाना प्रभारी शैलेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए तहरीर दी, पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। वही अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया, साथ ही बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।