कोपागंज थाना क्षेत्र के अदरी बाजार में रविवार की सुबह बेकाबू रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर घोसी सीओ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराकर जाम समाप्त कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
कोपागंज थाना क्षेत्र के अदरी नगर पंचायत के वार्ड 11 निवासी हसन रजा 18 पुत्र तुफैल रविवार की बाइक से सुबह करीब 11 बजे करीब घर से इंदारा की तरफ निकला था। अभी वह अदरी बाजार के पास पहुंचा था कि सामने से आ रही रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दिया। हादसे में बस की पहिया की जद में आकर हसन की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस सहित फरार हो गया। उधर बाजार में सड़क हादसे में युवक की मौत की सूचना मिलते ही कुछ देर में लोग अदरी बाजार में एकत्रित हो गए। यहां आक्रोशित लोगों ने दोपहर एक बजे सड़क जाम लगा दिया। इससे सड़क पर दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। उधर घटना के बाद जाम की सूचना मिलने पर घोसी सीओ राजीव कुमार सिंह पहुंचे। यहां उन्होंने आक्रोशित लोगों को आश्वासन देते हुए जाम समाप्त कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
मुंबई रहता था, एक सप्ताह पहले आया
मृतक हसन रजा चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह मुंबई में रहकर कार्य करता था। एक सप्ताह पूर्व ही अपने घर आया था। परिवार का यह ही अकेला कमाऊ पुत्र था, परिवार की जिम्मेदारी बढ़ता देख वह जल्द ही रोजगार के लिए दुबई निकलने वाला था। विदेश जाने के लिए सारी कागजी प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी। लेकिन रविवार की सुबह हुए हादसे ने उसके सब सपने तोड़कर रख दिया।