मऊ। तीर्थ यात्रियों को लेकर सात ज्योतिलिंगों का दर्शन कराने के बाद बृहस्पतिवार की दोपहर में दो बजे भारत दर्शन मऊ जंक्शन पहुंची। ट्रेन से जिले से 87 यात्री उतरे। इस दौरान यात्रियों ने जयकारा लगाया।
21 मार्च को सोमवार की भोर में भारत दर्शन टूरिस्ट ट्रेन गोरखपुर से रवाना हुई थी। 13 कोच की इस ट्रेन में 858 तीर्थयात्री थे। इसम मऊ के 87 यात्री भी रहे। आईआरसीटीसी के सहायक प्रबंधक त्रिभुवन जोशी ने बताया कि भारत दर्शन की यह ट्रेन ओमकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ, नागेश्वर, भीमाशंकर, त्रयम्बकेश्वर, घृष्णेश्वर तीर्थस्थलों का दर्शन कराने के बाद बृहस्पतिवार को मऊ जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर दोपहर दो बजे पहुंची। यहां जिले से गए 87 यात्री ट्रेन से उतरे। जोशी ने बताया कि संक्रमण के बाद पहली बार यह ट्रेन चली है। इसलिए इसमें गाइड लाइन का पूरा पालन कराया जा रहा है। ट्रेन में एक विशेष केबिन बनाया गया था। अगर यात्रा के दौरान किसी यात्री में कोविड के लक्षण पाए जाते हैं तो उन्हें आइसोलेट करने की सुविधा के साथ उनके इलाज का पूरा जिम्मा आईआरसीटसी का है। बताया कि ट्रेन में आईआरसीटीसी के 80 कर्मचारी थे, वहीं हर कोच में एक सिक्योरिटी स्टाफ और एक टूर मैनेजर तैनात किए गए थे।