मऊ। बार काउंसिल ऑफ यूपी प्रयागराज के उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने उच्च न्यायालय के आदेश और अधिवक्ताओं के प्रार्थना पत्र पर सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन की वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर दिया। साथ ही एल्डर कमेटी को निर्देश दिया कि वह 15 दिन मे चुनाव कराकर बार काउंसिल को सूचित करें।
चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए बार काउंसिल के सदस्य व पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर सिंह और अरूण कुमार त्रिपाठी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। आदेश की जानकारी होते ही कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर की। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश प्रयागराज के उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह की ओर से जारी किए गए आदेश का पत्र शुक्रवार को दीवानी कचहरी मे मिला।
सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री को संबोधित पत्र मे उल्लेख किया है कि सिविल कोर्ट सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के विभिन्न अधिवक्ताओं द्वारा हस्ताक्षरित पत्र 16 दिसंबर को मिला। पत्र मे अधिवक्ताओं ने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने तथा एल्डर्स कमेटी से चुनाव कराने का आदेश पारित करने का अनुरोध किया है। जिस पर बार काउंसिल के उपाध्यक्ष ने उच्च न्यायालय के निर्देश और अधिवक्ताओं के पत्र का अवलोकन के बाद सिविल कोर्ट सेन्ट्रल बार एसोसिएशन की वर्तमान कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया तथा एल्डर्स कमेटी, सिविल कोर्ट सेन्ट्रल बार एसोसिएशन को निर्देशित कियार कि 15 दिन के अन्दर चुनाव कराकर बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश को सूचित करें।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र बहादुर पाल, लालजी पांडेय, हरिद्वार राय,सदानंद राय, सत्येंद्र नाथ राय, तनवीर अहमद, अश्विनी सिंह, पीएन सिंह, दारोगा सिंह, मानसिंह यादव, लक्ष्मीकांत यादव.नागेंद्र राय, हरिनंद चौहान, विवेक कुमार सिंह, यशवंत सिंह आदि अधिवक्ता शामिल रहे।