मऊ। प्रभारी जिलाधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा, सावन मेला एवं अन्य त्योहार 11 जुलाई से प्रारंभ होकर नौ अगस्त तक मनाने के दौरान जनपद में शांति व्यवस्था के संबंध में शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में सावन में खुले में मांस-मछली आदि की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्य दिनेश भारती ने बताया कि सावन मास में कांवड़ यात्रा, सावन मेला जनपद के विभिन्न स्थानों पर संपन्न होता है। उन्होंने बताया कि प्रमुख स्थान शीतला मंदिर, भीटी चौक, गाजीपुर तिराहा, फातिमा चौराहा आदि स्थानों पर भीड़ अधिक संख्या में होती है। वहां पुलिस की ड्यूटी पर्याप्त संख्या में लगाने की बात कही।
नगर पालिका क्षेत्र में साफ-सफाई, बिजली, पानी आदि की व्यवस्था ठीक कर लिया जाए तो किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होगी।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने कहा कि शीतला माता मंदिर को जाने वाली मुख्य मार्ग जर्जर की स्थिति में है, जिस रास्ते से मंदिर पर काफी संख्या में लोग आते जाते हैं। इसके अलावा कोपागंज शिव मंदिर के अंतर्गत बिजली के जर्जर तार को व्यवस्थित करने की बात कही गई।
नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सुंदरीकरण का कराया जा रहा है कार्य प्रगति पर है जल्द ही शहर सुंदर एवं स्वच्छ दिखेगा। एक्सईएन दिनेश कुमार ने बताया कि शीतला माता मंदिर का मुख्य मार्ग का कार्य जल्द ही प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके अलावा साफ सफाई, पानी, कांवड़ियों को ठहरने आदि की व्यवस्था करें। अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने कहा कि जनपद के सभी शिव मंदिरों, प्रमुख स्थानों, सभी चौराहों सहित अन्य जगहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।