मधुबन। स्थानीय थाने पर तैनात एक उपनिरीक्षक पर बाइक छोड़ने के नाम पर दो हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। दरोगा के रुपये मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वायरल ऑडियो की हम पुष्टि नहीं करते।
एसपी इलामारन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ अभय कुमार सिंह को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मामला नवरात्र मेले के दौरान मधुबन-दुबारी रोड स्थित बौला पुल का है। वहां दो बाइकों की भिड़ंत हो गई थी। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि दूसरी बाइक लेकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बाइक को थाने ले आए। चार दिन बीत जाने के बाद भी जब बाइक से संबंधित कोई शिकायत थाने में नहीं आई, तो बाइक स्वामी ने वाहन छोड़ने की गुहार लगाई। आरोप है कि उपनिरीक्षक ने तकनीकी जांच और वैधानिक प्रक्रिया का हवाला देते हुए बाइक छोड़ने के बदले दो हजार रुपये मांगे। राशि भी ले ली। पीड़ित ने इस दौरान बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर लिया। जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।