आर्यसमाज स्थित बैंक आॅफ बड़ौदा के बाहर पैसा निकालने के लिए लगी लोगों की कतार।
शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में में विभिन्न बैंकों, एटीएम और डाकघरों पर शुक्रवार को भी लंबी कतारें लगी रहीं। हालांकि पहले की अपेक्षा भीड़ कुछ कम नजर आ रही है, लेकिन लोगों की परेशानी अभी जस की तस है। अब लोग बैंक, एटीएम और डाकघरों में घंटों लाइन में लगे रहने को विवश हैं।
सुबह से ही बैंकों व एटीएम पर लोगों की लंबी कतारें लगी रही। लाइन में घंटो लगे रहने के बावजूद धक्का मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। डाकघरों में तो अभी भी कैश की कमी बनी हुई है वहीं अधिकांश एटीएम बंद हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर शुक्रवार को एटीएम से 2000 रुपये के नोट मिलने शुरू हुए लेकिन अभी भी अधिकांश एटीएम नोट नहीं दे रहे हैं या बंद हैं। बैंक आफ इंडिया पहाड़ीपुर व यूबीआई मर्यादपुर स्थित एटीएम का शटर शुक्रवार को खुला तो कुछ राहत हुई।
पिपरीडीह संवाददाता के अनुसार भारत सरकार द्धारा 500 व 1000 के नोटों का प्रचलन बंद कर देने के बाद अभी भी अधिकांश स्थानों पर एटीएम नहीं खुले हैं। कुछ स्थानों पर एटीएम खुले भी तो वहां लंबी लाइनें लगी रही। उधर, जिले में अभी भी एटीएम में नए नोटों का अभाव है। अधिकांश एटीएम में तकनीकी कारणों एवं नए नोटों की कमी के चलते उसे बंद रखा गया है। कुछ स्थानों पर नए नोट मिल भी रहे हैं लेकिन वह महज 2000 या फिर 100-100 रुपये के लेकिन 500 रुपये के नोट का अभी लोगों को दर्शन नहीं हो पा रहा है।