घोसी चीनी मिल पर पेराई सत्र के शुभारंभ पर होता हवन पूजन।
किसान सहकारी चीनी मिल घोसी के पेराई सत्र 2016-17 का शुभारंभ सपा विधायक सुधाकर सिंह ने विधिविधान से हवन के साथ परंपरा के अनुसार गन्ना लदे बैलगाड़ी के बैलों का पूजन कर शुभारंभ किया। इसके बाद विधायक के साथ ब्लाक प्रमुख सुजीत सिंह, प्रधान प्रबंधक ने डोंगा में गन्ना डालकर और बटन दबा कर मिल का नए पेराई सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधान प्रबंधक केएम सिंह, ब्लाक प्रमुख सुजीत सिंह ने किसानों से समय से ताजा गन्ना देने की अपील की।
शुभारंभ के बाद विधायक सुधाकर सिंह ने कहा कि चीनी मिल का वर्तमान पेराई सत्र के शुभारंभ करते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है। वर्तमान में जनपद में फैक्ट्री के रूप में यही चीनी मिल बची है। आप सभी मिल परिसर में नई कार्यसंस्कृति का विकास करें कि चीनी मिल घाटे से उबर कर लाभ की ओर बढे़।
किसानों से अपील की कि आप सब अधिक से अधिक साफ और ताजा गन्ना मिल को दें। मिल लाभ में रहेगी, तभी आपको भी लाभ मिलेगा। कहा कि प्रदेश की अखिलेश सरकार किसानों के हित के लिए बराबर कार्य कर रही है। सभी को भरपूर बिजली मिल रही है। गोदामों से भरपूर खाद, बीज मिल रहा है। प्रधान प्रबंधक से कहा की गन्ना पेरने का जो लक्ष्य है उसे पूरा करें।
ब्लाक प्रमुख सुजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चीनी मिल और गन्ना किसानों के लिए जितना किया है उतना किसी भी सरकार ने नहीं किया। चीनी मिल को आप सब इतने अच्छे ढंग से चलाए कि पूर्वांचल में यह मिसाल बने।
प्रधान प्रबंधक केएम सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि चीनी मिल में कार्यरत अधिकारी कर्मचारियों के सहयोग से निर्धारित 26 लाख कुंतल गन्ना पेरने के लक्ष्य को प्राप्त करने की हर कोशिश होगी। साथ ही किसानों से अपील की कि पर्ची पर दिए तिथि पर और जड़ रहित ताजा गन्ना ही दें। इस अवसर पर सीसीओ रामाशीष सिंह, जिला गन्ना अधिकारी सना परवीन, मुख्य अभियंता जेबी गुप्ता, चीफ केमिस्ट राकेश कुमार, उपसभापति रामाश्रय राय, शिवाकांत मिश्रा, जयहिंद यादव, हिसामुद्दीन, राजमंगल यादव आदि उपस्थित रहे।