बढुआगोदाम। जिले के परदहा स्थित एल-2 अस्पताल शुरू हुए अभी दो सप्ताह भी नहीं हुए है। यहां अव्यवस्था का आलम शुरू हो चुका है। ताजा मामला यह है कि अस्पताल में दो मरीजों की मौत के बाद शव नहीं हटाए जाने से नाराज छह संविदा स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल छोड़कर चले गए।जैसे ही इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों को हुई तो आनन फानन में सीएमओ कार्यालय के तीन चतुर्थश्रेणी के कर्मचारियों को भेजकर शव को एंबुलेंस में रखवाया गया।
बताते चले कि जिले में गंभीर संक्रमित मरीजों के मिलने पर उनका उपचार करने के लिए परदहां स्थित एल-2 में 40 बेड की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग की तरफ से की गई है। लेकिन बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दस बेड और बढ़ाया गया। सूत्रों की माने तो गत दिनों अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की मौत होने के घंटो बाद तक उनके शव को वहां से हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसका परिणाम रहा कि शव घंटे बिस्तर पर पड़ा रहा। इस दौरान मरीजों ने जब शव को हटाने की बात संविदा कर्मचारियों से कही तो कर्मचारियों ने पीपीई किट न होने का हवाला दिया। इस दौरान बिना पीपीई किट के काम करने से इंकार कर सभी छहों कर्मचारी काम छोड़कर अस्पताल से चले गए। कर्मचारियों के जाने से अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। इसके बाद सीएमओ कार्यालय से तीन चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी को भेजा गया। जिसके बाद शव को एंबुलेंस में रखा उन्हें बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद भी संविदाकर्मी काम पर नहीं लौटे। इस बाबत सीएमओ डा. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि आउटसोर्सिग के छह कर्मचारी एका-एक काम छोड़ कर चले गए। दूसरे कर्मचारियों की तैनाती कर व्यवस्था को बेहतर किया गया।