कोपागंज में श्रावणी पूजा जुलूस में शामिल श्रद्धालु।संवाद
कोपागंज। सावन माह में हर तीसरे वर्ष होने वाली पारंपरिक श्रावणी पूजा रविवार को दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हुई। पूजा को लेकर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नगर में बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार नगर में भ्रमण करते रहे। श्रावणी पूजा के दौरान नगर की महिलाएं और पुरुष गाजे-बाजे के साथ देवी-देवताओं के जयकारे लगाते हुए विभिन्न पूजा स्थलों पर पहुंचे।
श्रावणी पूजा के तहत महिलाएं लगातार नौ दिनों तक नगर के चारों कोनों पर स्थापित शम्मे माता, काली माता, डीह बाबा समेत विभिन्न ग्राम देवताओं के स्थानों पर जलधारा चढ़ाकर पूजा-अर्चना करती हैं। नौ दिवसीय अनुष्ठान के बाद निर्धारित दिन श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ सभी सात पूजा स्थलों पर पहुंचकर सामूहिक रूप से पूजन करते हैं।
श्रद्धालुओं ने पूजा स्थलों पर पूड़ी और हलवा का प्रसाद चढ़ाया। परंपरा के अनुसार सातों पूजा स्थलों पर पशु बलि भी दी गई।