घोसी कोतवाली में ज्ञापन सौंपने पहुंचे सुभासपा कार्यकर्ता।संवाद
घोसी कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी एवं सुभासपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को घोसी कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय को पत्रक सौंपा।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवप्रताप यादव उर्फ मुन्ना यादव सहित कई अज्ञात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सौंपे गए पत्रक में आरोप लगाया गया कि 17 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित वीडियो/बयान में शिवप्रताप यादव एवं अन्य लोगों द्वारा राजभर समाज तथा अन्य एक अनुसूचित जाति के समाज की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और अपमानित करने के उद्देश्य से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया।
कथित टिप्पणी से दोनों समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए विधिक कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जितेंद्र कुमार भारती, कमलेश राजभर, संदीप कुमार वैरागी, दीपक कुमार, राम दुलारे राजभर, संजय राजभर सहित अन्य लोग शामिल रहे।