मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बेटी (15 साल) के अपहरण का आरोप लगाया है। तहरीर में बताया कि उनकी बेटी शुक्रवार की सुबह स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वहां नहीं पहुंची। खोजबीन के दौरान परिजन दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पहुंचे, वहां उनकी बेटी दूसरे कपड़े में अनजान महिला के साथ मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को अपने साथ लेकर घोसी कोतवाली पहुंची। महिला और किशोरी का अलग अगल बयान दर्ज किया गया। जिसमें महिला ने बताया कि वह दोहरीघाट थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। वो अपनी बहन की बीमार बेटी को देखने मऊ शहर स्थित अस्पताल में जा रही थी। वहां किशोरी पहुंची और पैसा देकर अपना भी टिकट कटाने का निवेदन किया। जबकि इस किशोरी को जानती तक नहीं है।
घोसी सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी तिवारी ने बताया कि किशोरी की साइकिल और बैग एक सुनसान जगह पर मिला। किशोरी के बयान और उसके द्वारा बताए जा रहे तथ्यों में बार-बार बदलाव आ रहा है। सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद