बड़राव ब्लाक की कटिहारी बुजुर्ग गांव में आयोजित श्रीराम कथा में शामिल श्रद्धालु। संवाद
बड़रांव ब्लॉक क्षेत्र के कटिहारी गांव में चल रहे सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ में भगवान शिव और भगवान राम के भजनों से वातावरण भक्तिमय रहा।
इस मौके पर कथावाचक रामाश्रय रामायनी जी महाराज ने भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि शिव भक्ति से मनुष्य के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। उन्होंने सुंदरकांड के माध्यम से हनुमान जी के चरित्र का वर्णन प्रारंभ किया।
झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शिव विवाह, शिव आरती और सुदामा मिलन की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। देर शाम आयोजित भव्य आरती में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर घनश्याम शाही, मानवेंद्र शाही, अपूर्व शाही, शिवम शाही, राघवेंद्र शाही और आयुष शाही आदि उपस्थित रहे।