सेंट्रल बार चुनाव के लिए दाखिल सभी 33 पर्चे वैध
पर्चा वापसी 17 फरवरी को
अमर उजाला ब्यूरो
मऊ । सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन के 22 सदस्यीय नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए अध्यक्ष, महामंत्री सहित दाखिल कुल 33 पर्चे जांच के बाद शनिवार को वैध पाए गए। सोमवार 17 फरवरी को प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकते है।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन दीनानाथ यादव ने बताया कि जांच के दौरान अध्यक्ष पद के लिए दाखिल नामांकन वीरेंद्र बहादुर पाल और महामंत्री के लिए दाखिल नामांकन अजय कुमार सिंह के नामांकन पर अलग-अलग अधिवक्ताओं ने आपत्ति दाखिल करते हुए उसे निरस्त करने की मांग किया। जिस पर एल्डर कमेटी ने दोनों प्रत्याशियों को नोटिस जारी करते हुए 3:30 बजे तक का समय निर्धारित कर आपत्ति आमंत्रित किया। दोनों प्रत्याशियों की ओर से दाखिल आपत्ति की सुनवाई के बाद एल्डर कमेटी के चेयरमैन दीनानाथ यादव ने दोनों लोगों के नामांकन के विरूद्ध दाखिल आपत्ति को निरस्त कर दिया। और दोनों लोगों का नामांकन वैध पाया । इसके साथ ही दाखिल सभी 33 प्रत्याशियों के नामांकन को वैध पाया गया। इस दौरान बार के पुस्तकालय भवन के बाहर काफी गहमागहमी बनी रही। लोग पर्चा की वैधता की जानकारी के लिए अपराहन 4:30 बजे तक जमे रहे अंत में एल्डर कमेटी के चेयरमैन ने आपत्ति निरस्त करने और सभी नामांकन पत्रों को वैध पाए जाने की सूचना दी। इसके बाद अधिवक्ता वहां से वापस गए। उन्होंने बताया कि दाखिल नामांकन प्रत्याशी 17 फरवरी को वापस ले सकते है।